X Close
X

मौसम ने ली दिल्ली-NCR में करवट, तेज हवाओं के साथ बारिश ने दी गर्मी से राहत


photo_burhaan_kinu__1557889716
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह हुई तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने दिल्लीवालों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है। मौसम के अचानक करवट लेने से सुबह स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, तीन दिनों तक दिन के अलग-अलग समय में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में ज्यादा इजाफा नहीं होगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलगी रहेगी। बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

दिल्ली वालों को मिलेगी राहत दिल्लीवालों को सप्ताह भर चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले तीन दिनों में कुछ-कुछ समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट होगी और पारा 38 डिग्री के आसपास बना रहेगा। दम घोंटने वाली धूल का सामना कर रहे दिल्लीवालों को बादलों ने सोमवार की बड़ी राहत दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में ही सोमवार की रात 3.3 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे धूल काफी हद तक साफ हो गई है। तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। मंगलवार सुबह भी बादलों की आवाजाही लगी रही। उत्तराखंड में इस सप्ताह नहीं सताएगी गर्मी देहरादून समेत उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में 18 मई तक हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को पूरे सप्ताह गर्मी नहीं सताएगी। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को राजधानी समेत राज्य के अधिकांश इलाकों में आंधी चलने की चेतावनी जारी की है।

देहरादून में सोमवार रात हुई हल्की बारिश और मंगलवार को बादलों के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। मंगलवार दोपहर अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मसूरी में पर्यटकों को सर्दी महसूस हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि इस सप्ताह के अंत शनिवार तक दून में हल्की बारिश होती रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर से दून को अगले कुछ दिन गर्मी से राहत मिलेगी। राज्य के अधिकांश इलाकों में भी बारिश का अनुमान है। वहीं इस सप्ताह मसूरी में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

उधर, चारधामों में बुधवार को हल्की बारिश के साथ सर्द हवायें चल सकती हैं, लेकिन मौसम ज्यादा खराब नहीं रहेगा। बदरीनाथ की पहाड़ियों पर भारी हिमपात बदरीनाथ में लगातार दो दिनों से पहाड़ियों पर हिमपात हो रहा है। बदरीनाथ पुरी में भारी वर्षा है। कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पर इसके बावजूद भी श्रद्धालुओं की आस्था और संख्या में कोई कमी नहीं आयी है। भगवान के दर्शन के लिए लंबी कतार लगी है। बदरीनाथ में सोमवार शाम से मौसम बदल गया। मंगलवार को सुबह से ही नर नारायण पर्वत पर हिमपात होता रहा। तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे तक आ गया। बदरीपुरी में मंगलवार को दिनभर वर्षा होती रही परन्तु इसके बाबजूद भी यात्रियों की संख्या और आस्था में कोई कमी नहीं आयी।

कपाट खुलने की तिथि से लेकर अब तक के चार दिनों में सबसे अधिक यात्री मंगलवार को बदरीनाथ पहुंचे। झारखंड में मौसम ने ली करवट, गर्मी से राहत राजधानी समेत पूरे झारखंड में मंगलवार को मौसम बदला और राजधानी समेत आसपास के जिलों में बारिश हुई। बदले मौसम ने गर्मी से राहत दिलायी। राजधानी में दोपहर बाद हुई बारिश के बाद मौसम ठंडा और सुहाना हो गया। राजधानी के साथ गुमला, खूंटी, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम के ऊपर घने बादल छाए और बूंदाबांदी हुई। मौसम के इस बदलाव से राजधानी में तापमान का पारा पांच डिग्री नीचे गिर गया। कई दिनों से उमस की गर्मी झेल रहे जनजीवन को ठंडी हवा से काफी सुकून मिला।

लेकिन रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान गर्मी बढ़ने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ जगहों पर अच्छी बारिश हुई। इसमें दुमका, देवघर, राजमहल, पाकुड़, मधुपुर आदि जिलों में बारिश होने से मौसम सुहाना है। लेकिन यह राहत अधिक दिनों के लिए नहीं है। 15 मई से पूरे झारखंड पर से बादल साफ होंगे और गर्मी बढ़ेगी। इस दौरान उत्तर झारखंड में तापमान का पारा तीन से चार डिग्री तक बढ़ सकता है।

The post मौसम ने ली दिल्ली-NCR में करवट, तेज हवाओं के साथ बारिश ने दी गर्मी से राहत appeared first on Everyday News. (EVERYDAY NEWS)
Everyday News